विश्व योग दिवस कल – सेंट्रल जेल में कैदियों को कराएंगे योग

By
Font size: Decrease font Enlarge font
विश्व योग दिवस कल – सेंट्रल जेल में कैदियों को कराएंगे योग

एडवांस योग एवं नेचुरोपैथी हॉस्पिटल तथा आयुष मेडिकल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जाएगा

इंदौर। विश्व योग दिवस 21 जून को विश्वभर में मनाया जाएगा। स्वास्थ और निरोगी काया के लिए हर कोई योग करेगा। इंदौर शहर में भी अनेक स्थानों पर विभिन्न संगठन योग के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसी कड़ी में एडवांस योग एवं नेचुरोपैथी हॉस्पिटल तथा आयुष मेडिकल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सेंट्रल जेल में कैदियों को योग करवाया जाएगा।

केंद्रीय जेल अधिक्षक श्रीमती अलका सोनकर ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 21 जून को सुबह 7 बजे कैदियों के लिए विशेष रूप से योग का आयोजन रखा गया है। इसमें लगभग 2900 कैदी भाग लेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय होम्योपैथिक अनुसंधान परिषद आयुष मंत्रालय भारत सरकार के सदस्य डॉ.  श्री एके द्विवेदी होंगे। इसके अलावा योगाचार्य श्री राकेश यादव, श्री दीपक उपाध्याय, डॉ. श्री विवेक शर्मा, डॉ. श्री ऋषभ जैन एवं डॉ. श्री जीतेंद्र पूरी तथा श्री विनय पाण्डेय विशेष सहयोगी के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं 21 जून को जेल में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के लिए कैदियों को प्रतिदिन सुबह नियमित योग प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

शहर में अनेक संगठन भी करेंगे योग

  • अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गीता भवन में भी सोमवार से दो दिनी जुंबा एवं योग शिविर का आयोजन प्रारंभ हुआ। यह कार्यक्रम सुबह 6.30 से 7.30 बजे होगा। ट्रस्ट अध्यक्ष राम ऐरन ने बताया कि इसमें योग प्रशिक्षक मेघासिंह साधकों को शुगर, रक्तचाप एवं नियमित आहार की मात्रा आदि के संबंध में भी उपयोगी प्रशिक्षण देंगी।
  • जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप्स फेडरेशन द्वारा योग दिवस पर स्कीम नंबर 71 स्थित श्रीजी वाटिका में सुबह 7.30 बजे योग शिविर आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष विजय ललवानी व मीडिया प्रभारी सुधीर सेठिया ने बताया इसमें योग की महत्ता योग गुरु ज्योति जैन एवं लावण्या वैष्णव बताएंगी।
  • द आर्ट आफ लिविंग द्वारा सी-21 माल में सुबह 6.30 से 8 बजे तक ध्यान-प्राणायाम कराया जाएगा। योग प्रशिक्षक राहुल कापड़िया और हेमा शर्मा योग के विज्ञान और केवल शारीरिक रूप से किए जाने वाले आसनों के बीच अंतर बताएंगे।
  • लोकमान्य योग केंद्र मंगल भवन लोकमान्य नगर में योग दिवस पर सुबह 6 बजे योग पर आधारिक कार्यक्रम होगा। संयोजक विलास मुले व योग गुरु चंद्रकांत जोशी ने बताया कि इस मौके पर योग के जानकारों द्वारा योग का हमारे जीवन में महत्व विषय पर संबोधित किया जाएगा।
  • स्वयंसेवी संगठन आरोग्य भारती द्वारा सुबह 6 से 8 बजे तक यशवंत निवास रोड और रेसकोर्स रोड पर योग उत्सव मनाया जाएगा। राष्ट्रीय संगठन के सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय मुख्य वक्ता होंगे। प्रजापति ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय की मप्र एवं छत्तीसगढ़ की जोनल कोआर्डिनेटर राजयोगिनी आरती दीदी भी उपस्थित रहेंगी।